करणी माता चालीसा (Karni Mata Chalisa)

Karni Chalisa

करणी माता चालीसा (Karni Mata Chalisa) – अर्थ, महत्व व लाभ सहित

भारत भूमि कई तरह के चमत्कारों से भरी हुई है। यहाँ पर ईश्वर व मातारानी के कई रूप हुए हैं और हर युग में वे अलग-अलग अवतार लेकर मनुष्य जाति का उद्धार करते हैं। इसी में ही मातारानी का एक प्रसिद्ध रूप करणी माता का है जिनका जन्म आज से कई सदियों पहले राजस्थान राज्य में हुआ था। राजस्थान सहित भारतवर्ष में करणी माता का बहुत महत्व है। ऐसे में आज हम आपके साथ करणी चालीसा (Karni Chalisa) का पाठ ही करने जा रहे हैं।

आज के इस लेख में ना केवल आपको करणी माता चालीसा (Karni Mata Chalisa) पढ़ने को मिलेगी बल्कि साथ ही उसका हिंदी अर्थ भी जानने को मिलेगा। इसे पढ़ कर आपको करनी चालीसा का भावार्थ समझने में भी सहायता होगी। इसी के साथ ही अंत में आपको कर्णी माता चालीसा के लाभ व महत्व (Karni Mata Ka Chalisa) भी जानने को मिलेंगे। तो आइये सबसे पहले पढ़ते हैं करणी माता की चालीसा।

करणी चालीसा (Karni Chalisa)

॥ दोहा ॥

जय गणेश जय गज बदन, करण सुमंगल मूल।
करहू कृपा निज दास पर, रहहू सदा अनूकूल॥

जय जननी जगदीश्वरी, कह कर बारम्बार।
जगदम्बा करणी सुयश, वरणउ मति अनुसार॥

॥ चौपाई ॥

सुमिरौ जय जगदम्ब भवानी। महिमा अकथन जाय बखानी॥

नमो नमो मेहाई करणी। नमो नमो अम्बे दुःख हरणी॥

आदि शक्ति जगदम्बे माता। दुःख को हरणि सुख की दाता॥

निरंकार है ज्योति तुम्हारी। तिहूं लोक फैलि उजियारी॥

जो जेहि रूप से ध्यान लगावे। मनवांछित सोई फल पावे॥

धौलागढ़ में आप विराजो। सिंह सवारी सन्मुख साजो॥

भैरो वीर रहे अगवानी। मारे असुर सकल अभिमानी॥

ग्राम सुआप नाम सुखकारी। चारण वंश करणी अवतारी॥

मुख मण्डल की सुन्दरताई। जाकी महिमा कही न जाई॥

जब भक्तों ने सुमिरण कीन्हा। ताही समय अभय करि दीन्हा॥

साहूकार की करी सहाई। डूबत जल में नाव बचाई॥

जब कान्हे न कुमति बिचारी। केहरि रूप धरयो महतारी॥

मारयो ताहि एक छन माई। जाकी कथा जगत में छाई॥

नेड़ी जी शुभ धाम तुम्हारो। दर्शन करि मन होय सुखारो॥

कर सौहै त्रिशूल विशाला। गल राजे पुष्प की माला॥

शेखोजी पर किरपा कीन्ही। क्षुधा मिटाय अभय कर दीन्हीं॥

निर्बल होई जब सुमिरन कीन्हा। कारज सबि सुलभ कर दीन्हा॥

देशनोक पावन थल भारी। सुन्दर मंदिर की छवि न्यारी॥

मढ़ में ज्योति जले दिन राती। निखरत ही त्रय ताप नशाती॥

कीन्ही यहाँ तपस्या आकर। नाम उजागर सब सुख सागर॥

जय करणी दुःख हरणी मइया। भव सागर से पार करइया॥

बार बार ध्याऊं जगदम्बा। कीजे दया करो न विलम्बा॥

धर्मराज नै जब हठ कीन्हा। निज सुत को जीवित करि लीन्हा॥

ताहि समय मर्याद बनाई। तुम पह मम वंशज नहि आई॥

मूषक बन मंदिर में रहि है। मूषक ते पुनि मानुष तन धरि है॥

दिपोजी को दर्शन दीन्हा। निज लिला से अवगत कीन्हा॥

बने भक्त पर कृपा कीन्ही। दो नैनन की ज्योति दीन्ही॥

चरित अमित अति कीन्ह अपारा। जाको यश छायो संसारा॥

भक्त जनन को मात तारती। मगन भक्त जन करत आरती॥

भीड़ पड़ी भक्तों पर जब ही। भई सहाय भवानी तब ही॥

मातु दया अब हम पर कीजै। सब अपराध क्षमा कर दीजे॥

मोको मातु कष्ट अति घेरो। तुम बिन कौन हरे दुःख मेरो॥

जो नर धरे मात कर ध्यान। ताकर सब विधि हो कल्याण॥

निशि वासर पूजहिं नर-नारी। तिनको सदा करहूं रखवारी॥

भव सागर में नाव हमारी। पार करहु करणी महतारी॥

कंह लगी वर्णऊ कथा तिहारी। लिखत लेखनी थकत हमारी॥

पुत्र जानकर कृपा कीजै। सुख सम्पत्ति नव निधि कर दीजै॥

जो यह पाठ करे हमेशा। ताके तन नहि रहे कलेशा॥

संकट में जो सुमिरन करई। उनके ताप मात सब हरई॥

गुण गाथा गाऊं कर जोरे। हरह मात सब संकट मोरे॥

॥ दोहा ॥

आदि शक्ति अम्बा सुमिर, धरि करणी का ध्यान।
मन मंदिर में बास करो मैया, दूर करो अज्ञान॥

करनी चालीसा (Shree Karni Chalisa) – अर्थ सहित

॥ दोहा ॥

जय गणेश जय गज बदन, करण सुमंगल मूल।
करहू कृपा निज दास पर, रहहू सदा अनूकूल॥

जय जननी जगदीश्वरी, कह कर बारम्बार।
जगदम्बा करणी सुयश, वरणउ मति अनुसार॥

हे गणेश जी भगवान!! आपका शरीर गजानन का है और अब आप हम सभी का मंगल कर दीजिये। आप अपने इस सेवक पर कृपा कीजिये और मेरे सभी बिगड़े हुए काम बना दीजिये।

इस जगत का निर्माण करने वाली और हम सभी की ईश्वरी देवी को मैं बार-बार प्रणाम करता हूँ। मैं जगदंबा माता के रूप करणी माता के यश का वर्णन अपनी बुद्धि अनुसार करता हूँ।

॥ चौपाई ॥

सुमिरौ जय जगदम्ब भवानी। महिमा अकथन जाय बखानी॥

नमो नमो मेहाई करणी। नमो नमो अम्बे दुःख हरणी॥

आदि शक्ति जगदम्बे माता। दुःख को हरणि सुख की दाता॥

निरंकार है ज्योति तुम्हारी। तिहूं लोक फैलि उजियारी॥

मैं जगदंबा व भवानी माता के रूप करणी माता का सुमिरन करता हूँ जिनकी कथा का वर्णन नहीं किया जा सकता है। मेहाई करणी माता को मेरा नमन है, नमन है। अंबा माता को मेरा नमन है जो हमारे दुःख हर लेती हैं। वे ही माँ आदि शक्ति व जगदंबा माता का रूप हैं जो हमारे दुखों को हर कर सुख प्रदान करती हैं। करणी माता की ज्योति निरंकार है जिससे तीनों लोकों में उजाला हो रहा है।

जो जेहि रूप से ध्यान लगावे। मनवांछित सोई फल पावे॥

धौलागढ़ में आप विराजो। सिंह सवारी सन्मुख साजो॥

भैरो वीर रहे अगवानी। मारे असुर सकल अभिमानी॥

ग्राम सुआप नाम सुखकारी। चारण वंश करणी अवतारी॥

जो भी करणी माता का ध्यान करता है, उसे मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। धौलागढ़ में करणी माता का निवास स्थान है जहाँ वे सिंह की सवारी करती हैं। भैरव बाबा युद्ध में उनकी अगवानी करते हैं जहाँ वे दुष्टों का नाश कर देती हैं। सुआप गाँव में चारण वंश में करणी माता ने अवतार लिया था जो मन को सुख देने वाला है।

मुख मण्डल की सुन्दरताई। जाकी महिमा कही न जाई॥

जब भक्तों ने सुमिरण कीन्हा। ताही समय अभय करि दीन्हा॥

साहूकार की करी सहाई। डूबत जल में नाव बचाई॥

जब कान्हे न कुमति बिचारी। केहरि रूप धरयो महतारी॥

उनका रूप बहुत ही सुंदर था जिसकी महिमा का वर्णन नहीं किया जा सकता है। जब कभी भी भक्तों ने उनके नाम का सुमिरन किया है, तब-तब मातारानी ने उन्हें अभय का वरदान दिया है। साहूकार की डूबती हुई नाव को मातारानी ने अपनी शक्ति से बचा लिया था। जब जांगलू के शासक कान्हा की मति मारी गयी तब करणी माता ने अपनी दैवीय शक्ति से उसे और उसके सैनिकों को दंड दिया।

मारयो ताहि एक छन माई। जाकी कथा जगत में छाई॥

नेड़ी जी शुभ धाम तुम्हारो। दर्शन करि मन होय सुखारो॥

कर सौहै त्रिशूल विशाला। गल राजे पुष्प की माला॥

शेखोजी पर किरपा कीन्ही। क्षुधा मिटाय अभय कर दीन्हीं॥

आप एक ही पल में चमत्कार कर देती थी और इसी कारण आपकी कथा संपूर्ण विश्व में प्रसिद्ध हो गयी। नेड़ी जी में आपका शुभ धाम है जिनके दर्शन करने से हमारे मन को सुख मिलता है। आपने हाथों में त्रिशूल ले रखा है तो गले में पुष्पों की माला है। आपने ही भाटी राव शेख पर अपनी कृपा कर उसकी और उसके सैनिकों की भूख को शांत कर उन्हें अभय होने का वरदान दिया।

निर्बल होई जब सुमिरन कीन्हा। कारज सबि सुलभ कर दीन्हा॥

देशनोक पावन थल भारी। सुन्दर मंदिर की छवि न्यारी॥

मढ़ में ज्योति जले दिन राती। निखरत ही त्रय ताप नशाती॥

कीन्ही यहाँ तपस्या आकर। नाम उजागर सब सुख सागर॥

जो भी कमजोर व्यक्ति करणी माता का ध्यान करता है, उसके सभी काम बन जाते हैं। देशलोक में आपका पावन मंदिर है जिसकी छवि बहुत ही निराली है। उस मंदिर में आपके नाम की ज्योति दिन-रात जलती है और उसके दर्शन करने से ही हमारे संकट समाप्त हो जाते हैं। जिस किसी ने भी करणी माता के मंदिर में आकर तपस्या की है, उसे सभी तरह के सुखों की प्राप्ति हुई है।

जय करणी दुःख हरणी मइया। भव सागर से पार करइया॥

बार बार ध्याऊं जगदम्बा। कीजे दया करो न विलम्बा॥

धर्मराज नै जब हठ कीन्हा। निज सुत को जीवित करि लीन्हा॥

ताहि समय मर्याद बनाई। तुम पह मम वंशज नहि आई॥

हम सभी के दुखों को हरने वाले करणी माता की जय हो। वे ही हमें भवसागर पार करवा सकती हैं। मैं बार-बार करणी माता का ध्यान करता हूँ और अब आप बिना देरी किये मुझ पर दया कीजिये। आपने ही धर्मराज अर्थात यमराज से अपनी बहन के पुत्र लक्ष्मण को पुनः जीवित करने की हठ की और तब यमराज ने उन्हें चूहे के रूप में पुनः जीवित किया था। उसी समय आपने चूहों को अपना वंशज घोषित कर दिया।

मूषक बन मंदिर में रहि है। मूषक ते पुनि मानुष तन धरि है॥

दिपोजी को दर्शन दीन्हा। निज लिला से अवगत कीन्हा॥

बने भक्त पर कृपा कीन्ही। दो नैनन की ज्योति दीन्ही॥

चरित अमित अति कीन्ह अपारा। जाको यश छायो संसारा॥

सभी चूहे आपके मंदिर में आपके वंशज बनकर रहते हैं। आपने ही दिपोजी को दर्शन देकर उन्हें अपनी लीला से अवगत करवाया था। दिपोजी के साथ ही आपका विवाह हुआ था और वे आपकी महिमा को भी जान गए थे। आपने दिपोजी और उनके परिवार पर बहुत उपकार किया था जिस कारण उनका यश संपूर्ण विश्व में फैल गया था।

भक्त जनन को मात तारती। मगन भक्त जन करत आरती॥

भीड़ पड़ी भक्तों पर जब ही। भई सहाय भवानी तब ही॥

मातु दया अब हम पर कीजै। सब अपराध क्षमा कर दीजे॥

मोको मातु कष्ट अति घेरो। तुम बिन कौन हरे दुःख मेरो॥

जो भी भक्तगण मगन होकर करणी माता की आरती करता है, माता उसका उद्धार कर देती हैं। जब कभी भी करणी माता के भक्तों पर संकट आया है, तब-तब मातारानी ने उनकी सहायता की है। हे करणी माता!! अब आप अपने इस भक्त पर भी कृपा कीजिये और मेरे सभी अपराधों को क्षमा कर दीजिये। मुझे कई तरह के कष्टों ने घेरा हुआ है और आपके बिना मेरा दुःख कोई नहीं हर सकता है।

जो नर धरे मात कर ध्यान। ताकर सब विधि हो कल्याण॥

निशि वासर पूजहिं नर-नारी। तिनको सदा करहूं रखवारी॥

भव सागर में नाव हमारी। पार करहु करणी महतारी॥

कंह लगी वर्णऊ कथा तिहारी। लिखत लेखनी थकत हमारी॥

जो मनुष्य माता करणी का ध्यान करता है, उसका कल्याण हो जाता है। जो नर-नारी प्रतिदिन करणी माता का ध्यान करते हैं, मातारानी सदैव उनकी रक्षा करती हैं। हे करणी माता!! हमारी नाव भवसागर में फंस गयी है और अब आप ही उसे पार करवाइए। मैं किस तरह से आपकी महिमा का वर्णन करूँ क्योंकि लिख-लिख कर मेरी लेखनी भी थक चुकी है।

पुत्र जानकर कृपा कीजै। सुख सम्पत्ति नव निधि कर दीजै॥

जो यह पाठ करे हमेशा। ताके तन नहि रहे कलेशा॥

संकट में जो सुमिरन करई। उनके ताप मात सब हरई॥

गुण गाथा गाऊं कर जोरे। हरह मात सब संकट मोरे॥

मुझे अपना पुत्र मानकर ही कृपा कर दीजिये और मुझे सुख-संपत्ति व नव निधियां प्रदान कीजिये। जो कोई भी इस करणी चालीसा का पाठ करता है, उसके जीवन में किसी भी तरह का कलेश नहीं रह जाता है। संकट के समय जो कोई भी करणी माता का सुमिरन करता है, उसके सभी संकट टल जाते हैं। मैं हाथ जोड़कर करणी माता के गुणगान करता हूँ और अब आप मेर सभी संकटों को दूर कर दीजिये।

॥ दोहा ॥

आदि शक्ति अम्बा सुमिर, धरि करणी का ध्यान।
मन मंदिर में बास करो मैया, दूर करो अज्ञान॥

मैं माँ आदि शक्ति व अंबा माता का सुमिरन करता हूँ और करणी माता का ध्यान करता हूँ। आप मेरे मन के मंदिर में बस कर अज्ञानता को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैला दीजिये।

करणी माता चालीसा (Karni Mata Chalisa) – महत्व

भारत भूमि पर ईश्वर तथा माँ आदि शक्ति ने अलग-अलग कालखंड में धर्म रक्षा करने तथा लोगों का मार्गदर्शन करने हेतु कई अवतार लिए हैं जिसमें से एक प्रसिद्ध अवतार माँ करणी का भी है। उन्होंने अपने जीवनकाल में कई तरह के चमत्कार किये थे और जो भी भक्तगण उनकी शरण में जाता था, उसका उद्धार हो जाता था। ऐसे कई उदाहरण हैं जो करणी माता की दैवीय शक्ति को दिखलाते हैं।

ऐसे में करणी माता की चालीसा के माध्यम से करणी माता के गुणों, शक्तियों, उद्देश्य तथा महत्व पर प्रकाश डाला गया है और उसी के साथ ही उनकी आराधना भी की गयी है। करनी चालीसा को पढ़ने से हमें करणी माता के बारे में संक्षेप में बहुत कुछ जानने को मिल जाता है और साथ ही इसके पाठ से उनकी पूजा-अर्चना भी हो जाती है। यही करणी माता चालीसा का महत्व होता है।

कर्णी माता का चालीसा (Karni Mata Ka Chalisa) – लाभ

यदि कोई व्यक्ति सच्चे मन के साथ करणी माता की चालीसा का पाठ करता है और उनकी भक्ति करता है तो उसके जीवन के सभी दुःख समाप्त हो जाते हैं। यदि दंपत्ति को कई समय से पुत्र प्राप्ति या संतान प्राप्ति में दुविधा हो रही है या लाख प्रयास करके भी पुत्र नहीं हो रहा है तो उन्हें तो नित्य रूप से करणी चालीसा का पाठ करना चाहिए। यदि करणी माता उनसे प्रसन्न हो गई तो जल्द ही उन्हें पुत्र का मुख देखने को मिलेगा।

इसी के साथ ही यदि व्यक्ति को अपनी संतान से सुख नहीं मिल पा रहा है या उसके जीवन में कोई संकट आया हुआ है तो भी उन्हें करणी माता चालीसा का पाठ करना चाहिए। करनी चालीसा के पाठ से उनके संतान का जीवन सुखमय बनता है और वह अपने जीवन में उन्नति करता है। इस तरह से करणी माता की चालीसा के माध्यम से एक व्यक्ति संतान का सुख तो प्राप्त करता ही है और साथ ही अपना जीवन भी सुखमय बना लेता है।

करणी माता की चालीसा से संबंधित प्रश्नोत्तर

प्रश्न: करणी माता का दूसरा नाम क्या है?

उत्तर: करणी माता साक्षात माँ दुर्गा का रूप थी जिस कारण इन्हें जगदंबा, दुर्गा तथा आदिशक्ति के नाम से जाना जाता है। वहीं मेहा जी की पुत्री होने के कारण इन्हें मेहाई के नाम से भी जाना जाता है।

प्रश्न: करणी माता कौन सी देवी है?

उत्तर: तेरहवीं शताब्दी में राजस्थान राज्य के फलौदी जिले के सुवाप गाँव में करणी माता का जन्म हुआ था जो साक्षात माँ दुर्गा की ही अवतार थी। उन्होंने प्रजा के दुखों के निवारण करने हेतु जन्म लिया था।

प्रश्न: करणी माता किसका अवतार थी?

उत्तर: करणी माता को माँ दुर्गा का अवतार माना जाता है जिनका प्राकट्य प्रजा के दुखों का निवारण करने तथा उन्हें सुख प्रदान करने के उद्देश्य से हुआ था।

प्रश्न: करणी माता मंदिर की क्या खासियत है?

उत्तर: करणी माता मंदिर की सबसे बड़ी खासियत यही है कि वहां 25 हज़ार से भी अधिक चूहे हैं लेकिन उनके वहां रहने से ना तो कोई गन्दगी होती है और ना ही किसी तरह की दुर्गन्ध आती है और ना ही उनका झूठा प्रसाद खाने से भक्तों को किसी तरह की बीमारी या रोग होता है।

नोट: यदि आप वैदिक ज्ञान 🔱, धार्मिक कथाएं 🕉️, मंदिर व ऐतिहासिक स्थल 🛕, भारतीय इतिहास, शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य 🧠, योग व प्राणायाम 🧘‍♂️, घरेलू नुस्खे 🥥, धर्म समाचार 📰, शिक्षा व सुविचार 👣, पर्व व उत्सव 🪔, राशिफल 🌌 तथा सनातन धर्म की अन्य धर्म शाखाएं ☸️ (जैन, बौद्ध व सिख) इत्यादि विषयों के बारे में प्रतिदिन कुछ ना कुछ जानना चाहते हैं तो आपको धर्मयात्रा संस्था के विभिन्न सोशल मीडिया खातों से जुड़ना चाहिए। उनके लिंक हैं:

अन्य संबंधित लेख:

लेखक के बारें में: कृष्णा

सनातन धर्म व भारतवर्ष के हर पहलू के बारे में हर माध्यम से जानकारी जुटाकर उसको संपूर्ण व सत्य रूप से आप लोगों तक पहुँचाना मेरा उद्देश्य है। यदि किसी भी विषय में मुझसे किसी भी प्रकार की कोई त्रुटी हो तो कृपया इस लेख के नीचे टिप्पणी कर मुझे अवगत करें।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.