
त्रेता युग में जब भगवान श्रीराम अपने चौदह वर्ष के वनवास के पश्चात अयोध्या वापस आए थे तो वह पूरे वर्ष की सबसे काली रात थी जिसे हम कार्तिक मास की अमावस्या के नाम से जानते हैं। यह रात्रि वर्ष की सबसे घनघोर अँधेरे वाली रात थी लेकिन उस अँधेरे को भी अयोध्यावासियों ने असंख्य दीपक जलाकर रोशन कर दिया था। आज भी हम श्रीराम के अयोध्या आगमन की खुशी को वैसे ही अपने घर, मोहल्ले में दीपक जलाकर प्रकट करते हैं लेकिन क्यों।
इस क्यों से हमारा आशय यह है कि आज की आधुनिकता के जमाने में जब रोशनी के लिए इतने साधन उपलब्ध हैं तो उनके सामने दीपक का महत्व (Deepak Ka Mahatva) ही क्या है? जैसे कि आप रंग-बिरंगी लाइट्स ले लीजिए या चमकदार व विभिन्न आकृतियों के दीये। ये दीये भी मिट्टी के नहीं अपितु विभिन्न धातुओं, प्लास्टिक इत्यादि से बने होते हैं। साथ ही ना ही इनमें घी या तेल डालने का झंझट व ना ही हवा में बुझने की समस्या।
ये सब दिखने में इतनी रंग-बिरंगी रोशनी करते हैं कि आँखें चमक उठती है। साथ ही इनसे घर भी सुंदर दिखता है। आजकल बहुत घरों में व ज्यादातर शहरों में यह चीजें देखने को मिलती है लेकिन फिर भी उन सभी आकर्षक चीजों के बीच आज भी हर घर में दीपावली के दिन दिए क्यों जलाए जाते हैं (Diwali Me Diya Kyu Jalate Hai) व क्यों ही उसे पूजा में रखा जाता है? जब बात रोशनी की ही है तो वह तो अन्य माध्यमों से भी हो रही है तो मिट्टी का दीया ही क्यों? आइए जानते हैं दीवाली पर मिट्टी के दीये का महत्व व उसकी उपयोगिता।
Deepak Ka Mahatva | दीवाली पर दीपक का महत्व
आज भी हम चाहे गाँव में रहें या शहर में या महानगरों में, जहाँ जीवन सरपट दौड़ता है लेकिन आपको दिवाली के दिन कोई भी घर ऐसा नहीं दिखेगा जहाँ मिट्टी का दीया ना जल रहा हो। किसी के घर में केवल मिट्टी के दीये जलाए जाते हैं तो किसी के घर में शगुन के रूप में एक-दो मिट्टी के दीये जला ही दिए जाते हैं।
दरअसल इसके कई कारण हैं जो हमें इसकी उपयोगिता को दर्शाते हैं। इनका धार्मिक, आध्यात्मिक, पर्यावरण, प्रकृति इत्यादि हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान होता है।
#1. मिट्टी के दीये का धार्मिक महत्व
हिंदू धर्म में पंचतत्वों की महत्वपूर्ण भूमिका है तथा उसी के द्वारा ही संपूर्ण ब्रह्मांड की रचना हुई है। यह पंचतत्व होते हैं जल, वायु, अग्नि, आकाश व भूमि। मिट्टी का दीया इन पांचों तत्वों का प्रतिनिधित्व करता है। उसके अंदर यह पांचों तत्व विद्यमान होते हैं। इस कारण इसकी महत्ता अत्यधिक बढ़ जाती है।
साथ ही जब इसे जलाया जाता है तो यह तीनों लोकों व तीनों काल का भी प्रतिनिधित्व करता है। इसमें मिट्टी का दीया हमें पृथ्वी लोक व वर्तमान को दिखाता है जबकि उसमें जलने वाला तेल/घी भूतकाल व पाताल लोक का प्रतिनिधित्व करता है। जब हम उसमें रुई की बत्ती डालकर प्रज्जवलित करते हैं तो वह लौ आकाश, स्वर्ग लोक व भविष्यकाल का प्रतिनिधित्व करती है।
#2. मिट्टी के दीये का आध्यात्मिक महत्व
जो मन की शांति एक मिट्टी के दीये से मिलती है वह आपको इन रंग-बिरंगी रोशनी से कदापि नहीं मिल सकती। वह हमें सिखाता है कि किस प्रकार स्वयं जलकर दूसरों के जीवन में रोशनी लाई जाती है। आप कल्पना कीजिए यदि विश्व से बिजली समाप्त हो जाए तो आप रोशनी कैसे करेंगे। तो यह एक प्राकृतिक तरीका है जो कभी समाप्त नहीं होगा।
दीपावली की काली रात में एक दीपक किस प्रकार अपने चारों ओर एक सुंदर प्रकाश को फैलाता है वह देखने लायक होता है। यदि आप दीपक को ध्यान से देखेंगे तो अवश्य ही आपके मन को शांति मिलेगी व चेतना जागृत होगी।
#3. मिट्टी के दीये का शारीरिक लाभ
दिवाली ऐसे समय में आती है जब वर्षा ऋतु समाप्त हो चुकी होती है तथा शरद ऋतु शुरू हो जाती है। ऐसे समय में वातावरण में कीट-पतंगे, मच्छर व अन्य जहरीले विषाणुओं की संख्या बढ़ जाती है। यह सभी हमारे स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होते हैं तथा हमें विभिन्न प्रकार की बीमारियाँ दे जाते (Diwali Me Diya Kyu Jalate Hai) हैं।
दिवाली के दिन जब सरसों के तेल से मिट्टी के दीये जलाए जाते हैं तो इन सभी जीवाणुओं का नाश हो जाता है व इनका प्रभाव भी कम हो जाता है। इसलिए दीपावली के दिन सभी घरों में एक साथ दीपक को प्रज्जवलित करने पर इन सभी कीट-पतंगों के नष्ट होने में सहायता मिलती है।
#4. मिट्टी के दीये का प्राकृतिक लाभ
आजकल प्रकृति का दोहन बहुत बढ़ गया है लेकिन समय के साथ-साथ जब प्रकृति की चोट हम पर लगती है तब हमें उसका महत्व समझ आता है। अपने आप को आधुनिक मानकर जो दुनिया आगे बढ़ रही थी उसने अब अपने कदम रोक लिए हैं व वापस प्रकृति की ओर बढ़ने लगी है ताकि एक बेहतर भविष्य का निर्माण किया जा सके।
मिट्टी ही प्रकृति है तथा इसी मिट्टी के दीये जलाने से प्रकृति को कोई हानि नहीं। यदि यह दीये टूट भी जाते हैं या इन्हें फेंकना भी हो तो इसे नदी-नहर में बहा दिया जाता है जिससे प्रकृति को कोई नुकसान नहीं होता। दूसरी ओर प्लास्टिक इत्यादि धातुओं से बनी लाइट्स या दीये पर्यावरण के लिए हानिकारक सिद्ध होते हैं।
#5. मिट्टी के दीये का आर्थिक लाभ
यह कारण तो आजकल सभी जानते हैं व इसे ज्यादा बताने की भी आवश्यकता नहीं है। मिट्टी के दीये हमारे देश के कुम्हारों के हाथों के द्वारा मनाए जाते हैं व जो रंग-बिरंगी लाइट्स/ दीये हम खरीदते हैं वह मुख्यतया चीन से ही आती है।
हर वर्ष सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से आपसे यही विनती की जाती है व आपको इसका लाभ बताया जाता है ताकि देश का पैसा देश में ही रहे। इसलिए प्रयास करें कि आप अपने देश के कुम्हारों के हाथ से बने मिट्टी के दीये ही खरीदें।
इन सब लाभों के साथ मिट्टी का दीया अप्रत्यक्ष रूप से हमें कई स्वास्थ्य लाभ पहुंचाता है। इससे हमें शारीरिक व मानसिक लाभ दोनों मिलते हैं जैसे कि तनाव का दूर होना, चित्त का शांत होना, आध्यात्मिक बुद्धि का विकास होना, त्वचा के रोगों का दूर होना इत्यादि। इसलिए दीपावली के शुभ अवसर पर हमेशा अपने घर को मिट्टी के दीयों से ही प्रज्जवलित करें। इन सब कारणों से सनातन धर्म में मिट्टी के दीपक का महत्व (Deepak Ka Mahatva) सबसे ऊपर है।
दीपक के महत्व से संबंधित प्रश्नोत्तर
प्रश्न: दीपावली के दिन दिए क्यों जलाए जाते हैं?
उत्तर: दीपावली के दिन दिए जलाने का विशेष महत्व है। यह दिए पंचतत्व का प्रतिनिधित्व करते हैं और साथ ही हमारे शारीरिक व मानसिक स्वस्थ्य के लिए भी लाभदायक होते हैं।
प्रश्न: दिवाली पर दीये क्यों जलाए जाते हैं?
उत्तर: दिवाली पर दीये जलाए जाने के पीछे धार्मिक व आध्यात्मिक महत्व है। त्रेता युग में लोगों के द्वारा भगवान श्रीराम के स्वागत में मिट्टी के दिए जलाए गए थे। साथ ही यह प्राकृतिक रूप से भी बहुत लाभदायक होते हैं।
प्रश्न: दीपावली में दिए का क्या महत्व है?
उत्तर: दीपावली में दिए जलने का धार्मिक, आध्यात्मिक, प्राकृतिक, आर्थिक, शारीरिक व मानसिक रूप से महत्व है। इन सभी के बारे में हमने इस लेख में विस्तार से बताया है।
नोट: यदि आप वैदिक ज्ञान 🔱, धार्मिक कथाएं 🕉️, मंदिर व ऐतिहासिक स्थल 🛕, भारतीय इतिहास, शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य 🧠, योग व प्राणायाम 🧘♂️, घरेलू नुस्खे 🥥, धर्म समाचार 📰, शिक्षा व सुविचार 👣, पर्व व उत्सव 🪔, राशिफल 🌌 तथा सनातन धर्म की अन्य धर्म शाखाएं ☸️ (जैन, बौद्ध व सिख) इत्यादि विषयों के बारे में प्रतिदिन कुछ ना कुछ जानना चाहते हैं तो आपको धर्मयात्रा संस्था के विभिन्न सोशल मीडिया खातों से जुड़ना चाहिए। उनके लिंक हैं:
अन्य संबंधित लेख: