Indian Traditional Games In Hindi: पुराने जमाने के खेलों के नाम

Bachpan Ke Khel

क्या आपको अपने बचपन के खेल (Bachpan Ke Khel) याद है? आजकल समय इतनी तेजी से बदल रहा हैं कि पूछो मत। तकनीक व आधुनिकता ने आज के मनुष्य की दिनचर्या को पूरी तरह से बदल कर रख दिया हैं या यूँ कहे कि एक तरह से तहस-नहस कर दिया हैं। पहले हम ना जाने कितने ही खेल यूँ ही खेल लिया करते थे लेकिन आज उन्हें बस बचपन के खेलों के नाम से ही जानते हैं।

सारा दिन काम करना या पढ़ना और फिर उसके बाद मोबाइल पर लग जाने से हमारे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर बहुत बुरा प्रभाव पड़ रहा है। इसलिए आज हम पुराने जमाने के खेलों के नाम(Indian Traditional Games In Hindi) और उनके बारे में आपको बताएँगे

Bachpan Ke Khel | बचपन के खेल

वैसे तो हमारे देश में कुछ ही दूरी पर भाषा, संस्कृति, खान-पान से लेकर पहनावा इत्यादि सब बदल जाता है। ऐसे में हर क्षेत्र के अपने-अपने बचपन के खेल होते होंगे जिन्हें खेल कर उन्हें आनंद आता होगा। फिर भी कुछ खेल ऐसे हैं जो लगभग पूरे भारत देश में भी प्रसिद्ध है। उदाहरण के तौर पर आँख मिचौली ले लीजिये या फिर छुपन छुपाई इत्यादि।

ऐसे में आज के इस लेख में हम आपके साथ कुछ ऐसे ही चुनिंदा व प्रसिद्ध 10 बचपन के खेलों को रखने जा रहे हैं जिन्हें पढ़कर आपको भी आनंद आएगा

#1. आँख मिचौली

Aankh Micholi
Aankh Micholi

यह एक ऐसा खेल है जिसे आप अपने सभी घरवालों के साथ खेल सकते हैं फिर चाहे वह बच्चा हो या बुजुर्ग। इस खेल में किसी को भागने की या छुपने की आवश्यकता नही होती हैं, बस एक सदस्य की आँखों पर पट्टी बांधकर उसे परेशान करना होता हैं। चलिए जान लेते हैं, आँख मिचोली खेल खेलने के नियम।

आँख मिचौली खेल के नियम

इसे खेलने के लिए घर के सभी सदस्य एक स्थान चुने जैसे कि घर की छत या आँगन या कोई बड़ा कमरा। जो जगह चुने, उस जगह से बाहर जाने वाले दरवाजे को बंद कर दे। अब एक काले रंग का कपड़ा या चुनरी ले जिसे दूसरे की आँख पर इस प्रकार बांधा जा सके जिससे उसे दिखे नही

अब किसी एक सदस्य को चुने जिसे बारी देनी हैं। उसकी आँखों पर इस पट्टी को बांध दे। बांधने के बाद उसे गोल-गोल घुमा कर छोड़ दे। अब सभी सदस्य उसके आसपास फैल जाए। आप सभी को शांत नही रहना हैं बल्कि उसके चारों ओर कोई ना कोई आवाज निकालते रहना हैं या एक-दूसरे से बात करते रहना हैं। आप चाहे तो अचानक से उसे पीछे से छूकर परेशान भी कर सकते हैं।

जो सदस्य बारी दे रहा हैं, उसे आपकी आवाज या गतिविधि को ध्यान में रखते हुए आपको पकड़ने या छूने का प्रयास करना हैं। जैसे ही वह आपमें से किसी व्यक्ति को अपने हाथों से छू देगा, तब उसकी बारी समाप्त हो जाएगी व जिसको उसने छुआ हैं, उसको बारी देनी पड़ेगी। इस प्रकार यह आँख मिचोली का खेल यूँ ही चलता रहेगा।

आँख मिचौली खेलने के फायदे

आँख मिचोली को खेलने से व्यक्ति के सुनने की और ध्यान लगाने की क्षमता में विकास होता हैं। बारी देने वाला आपकी आवाज और गतिविधि को ध्यान में रखते हुए प्रतिक्रिया करता हैं और उसी दिशा में आगे बढ़कर आपको पकड़ने का प्रयास करता हैं। इससे उसको सजग रहने और सावधानी बरतने में सहायता मिलती हैं।

आँख मिचौली खेलते समय सावधानियां

इस खेल में आप यह ध्यान रखें कि जिसकी आँख में पट्टी बंधी हैं वह चोटिल ना हो जाए क्योंकि उसे कुछ दिख नही रहा होता है। वह किसी चीज़ से टकरा कर या गिर कर चोटिल हो सकता हैं। इसलिए इस खेल को एक निर्धारित जगह पर ही खेले जैसे कि यदि आप आँगन में खेल रहे हैं तो केवल आँगन में ही खेले।

#2. लंगड़ी टांग

Langdi Tang
Langdi Tang

यह खेल बहुत कुछ कबड्डी के जैसा ही है लेकिन उसके जितना आक्रामक नही। लंगड़ी टांग में दो चीज़े कबड्डी से अलग हैं, एक तो इसमें दूसरे पाले में दोनों पैरों पर नही बल्कि एक पैर पर जाना होता है और दूसरा, इसमें सामने वाले पाले के खिलाड़ी को पकड़ने की बजाए, उससे बचना होता है। आइए जानते है लंगड़ी टांग खेल के नियम।

लंगड़ी टांग खेल के नियम

लंगड़ी टांग खेल खेलने के लिए आप सभी लोग दो टीम में आधे-आधे की संख्या में बंट जाएँ। दोनों टीम आपने-सामने आ जाएँ व बीच में एक रेखा खींच ले। इस रेखा के बाहर ना आपकी टीम जा पायेगी व ना ही दूसरी टीम का कोई व्यक्ति वहां आ सकता हैं।

अब बारी-बारी से हर टीम का एक खिलाड़ी अपनी एक टांग पर दूसरे के पाले में जायेगा और वहां के सदस्यों को छूने का प्रयास करेगा। दूसरी टीम के खिलाड़ियों को उससे बचना हैं। इस प्रकार जिस किसी को भी उसने छुआ हैं वह खेल से बाहर हो जायेगा चाहे वह एक हो या उससे अधिक।

इस दौरान यदि उसने दूसरे के पाले में जाने के बाद, अपनी दूसरी टांग को जमीन पर रख दिया तो वह खुद खेल से बाहर हो जाएगा। इसलिए वह दूसरे पाले में तभी तक रुक सकता हैं जब तक कि वह थक ना जाये और बिना दूसरा पैर जमीन पर रखे सामने वाली टीम के खिलाड़ियों को छूने का प्रयास करे। इसी प्रकार दूसरे की टीम से भी एक खिलाड़ी आपके पाले में आएगा। बारी-बारी से यह खेल चलता रहेगा जब तक कि एक टीम के सभी खिलाड़ी बाहर ना हो जाए।

लंगड़ी टांग खेलने के फायदे

इस खेल के माध्यम से आप अपने एक पैर पर संतुलन बनाना सीखते हैं। इसके साथ ही जो खिलाड़ी अपनी बारी दे रहा हैं, उससे बचने का प्रयास ही आपके अंदर स्फूर्ति लेकर आता हैं। लंगड़ी टांग खेलने से आपका शारीरिक व्यायाम भी भरपूर होता हैं।

लंगड़ी टांग खेलते समय सावधानियां

इसमें जो लंगड़ा व्यक्ति आपके पाले में आया हैं आप उसको किसी भी प्रकार से छू नही सकते हैं क्योंकि उसको किसी भी प्रकार से छूते ही आप खेल से बाहर हो जाएंगे। आपको बस भागकर उससे बचना हैं व उससे तब तक बचना हैं जब तक वह थककर वापस अपने पाले में ना चला जाए।

#3. डांसिंग स्टेप पास

Dancing Step Pass Khel
Dancing Step Pass Khel

Bachpan Ke Khel में यह एक बहुत मजेदार खेल हैं जिसे घर के सभी सदस्य खेल सकते हैं। आइये इस खेल के नियम भी जान लेते हैं। इसमें आप सभी घरवालों को एक पंक्ति में खड़े हो जाना हैं। ध्यान रहे सबकी पीठ एक के पीछे एक हो व कोई भी पीछे मुड़कर नही देखेगा जब तक कि उसकी बारी ना आ जाए।

अब पंक्ति में सबसे आखिरी में खड़े व्यक्ति को अपने से आगे खड़े व्यक्ति को पीछे मोड़कर उसे 4-5 डांस स्टेप्स करके दिखाने होते हैं। यह देखने के बाद उस व्यक्ति को अपने से आगे खड़े व्यक्ति को पीछे मोड़कर वह स्टेप्स करके दिखाने होते हैं। इस तरह वे स्टेप्स एक-एक करके आगे पास होते रहते हैं।

इस खेल का सबसे बड़ा मजा यह हैं कि इसमें कोई आउट नही होता हैं बल्कि यह हंसी-मजाक का एक अनोखा खेल हैं। साथ ही इसमें आपको अपने से पीछे वाले व्यक्ति के स्टेप्स एक बार ही देखने को मिलेंगे व आप उसे वापस वह स्टेप करने को नही बोल सकते। इसके बाद आपको वह स्टेप्स जैसे भी समझ आये, वह आपको अपने से आगे वाले व्यक्ति को करके दिखाने होते हैं।

आप खुद पाएंगे कि अंत तक पहुँचते-पहुँचते वह पहले वाले स्टेप्स क्या से क्या बन जाते हैं। इसके बाद जिस व्यक्ति ने वह स्टेप्स दिए हैं वह अंत में सबको असली स्टेप करके दिखता हैं व बाकि सब अपने द्वारा किये गए स्टेप्स को देखकर हँसते-हँसते लोटपोट हो जाएंगे। इस तरह लाइन में सबसे आगे खड़ा व्यक्ति अब सबसे पीछे जायेगा और वह सभी को नए स्टेप देगा। इस तरह यह खेल जब तक आप चाहे चलता रहेगा।

डांसिंग स्टेप पास खेलने के फायदे

इस खेल को खेलते समय आपके ऊपर दबाव रहेगा कि आप अपने पीछे खड़े व्यक्ति के स्टेप्स को याद रखे और उसे वैसा ही सामने वाले व्यक्ति के सामने करके दिखाए। इस खेल को खेलने से हमारी याद रखने की क्षमता में विकास होता हैं व साथ ही दूसरों के सामने शर्म खुलती हैं।

डांसिंग स्टेप पास खेलते समय सावधानियां

इस खेल का आनंद यही हैं कि आपको केवल अपने से पीछे खड़े व्यक्ति के स्टेप पर ही ध्यान देना है और किसी पर नही।

#4. छुपन छुपाई

Chupan Chupai
Chupan Chupai

इस खेल के बारे में किसने नही सुना होगा या यूँ कहे कि किसने नही खेला होगा!! जब भी कभी पुराने जमाने के खेलों के नाम (Indian Traditional Games In Hindi) लिया जाएगा तो उसमें छुपन छुपाई का खेल तो सबसे पहले आता है।

खासकर बच्चे तो यह खेल बहुत खेलते हैं क्योंकि यह उनके लिए आसान भी होता है और मजेदार भी। एक तो उनका छोटा सा शरीर होता हैं जो कही भी छुप जाता है व उनको ढूंढने वाले भी बच्चे ही होते है। जितना यह बच्चों के लिए मजेदार होता है उतना ही यह बड़ों को भी आनंद देता है।

छुपन छुपाई खेल के नियम

यह खेल आप अपने पूरे घर में खेल सकते हैं और वह भी सभी के साथ। इसमें एक व्यक्ति को अपनी आँखें बंद करके जोर-जोर से 10 या 20 तक नंबर गिनने होते हैं। जब तक वह नंबर गिन रहा हैं तब तक घर के बाकि सभी सदस्य घर में कही भी जाकर छुप सकते हैं। नंबर गिनने के बाद वो व्यक्ति आप सबको एक-एक करके ढूंढेगा।

जैसे ही वह किसी को देखेगा तो उस बंदे का नाम बोलकर “आइस-पाईस” बोलेगा तो वह बंदा पकड़ा जायेगा। दरअसल आइस-पाईस का अर्थ अंग्रेजी के “I spy” से हैं अर्थात “मैं जासूस हूँ” हैं। इस खेल में मजा यह हैं कि अगर किसी ने भी पकड़ने वाले की आखों के सामने आये बिना व पकड़े जाने से पहले ही उसे पीछे से थप्पी कर दिया तो उसे वापस से सबको पकड़ना पड़ेगा। यदि पकड़ने वाले बंदे ने बिना थप्पी खाए सबको एक-एक करके पकड़ लिया तो सबसे पहले पकड़े गए व्यक्ति को सबको ढूँढना पड़ेगा।

छुपन छुपाई खेलने के फायदे

यह खेल आपको स्मार्ट तरीके से खेलने और जल्दी निर्णय लेने के लिए दबाव डालता है अन्यथा आप पकड़े जाएंगे। इसलिए बिना शोर किये अपनी जगह पर छुपे रहने के अलावा, आप पर इसका दबाव भी रहता हैं कि आप किसी भी तरह से बारी दे रहे खिलाड़ी को थप्पी करके उसे हरा दे।

छुपन छुपाई खेलते समय सावधानियां

इस खेल में आप यह ध्यान रखें कि छुपने के चक्कर में आप घर की कोई ऐसी जगह में ना छुप जाए जहाँ आप मुसीबत में पड़ जाए और वहां से निकलना आपके लिए मुश्किल हो। साथ ही इस खेल में बच्चों का भी थोड़ा ध्यान रखें।

#5. मारम पिट्टी

Maram Pitti Khel
Maram Pitti Khel

इसमें आपको दो टीम बनानी हैं व सभी को आधी-आधी संख्या में बंट जाना हैं। अब सभी को एक कमरे या आँगन में एक दूसरे से दूर दोनों कोनों में खड़े हो जाना हैं। इस खेल को खेलने के लिए स्पंज की गेंद आती हैं जिसे एक टीम को दूसरी टीम पर मारना होता है। इस स्पंज की गेंद को आप पानी में भिगोकर भी खेल सकते हैं लेकिन इससे यह ज्यादा जोर से दूसरे टीम के खिलाड़ियों पर लगेगी।

अब आपको इस गेंद को लेकर दूसरी टीम के खिलाड़ियों पर जोर से फेंकना हैं ताकि वह उनमे से किसी को लग जाए। फिर सामने वाली टीम वही गेंद उठाकर आपकी टीम पर मारेगी। जिस-जिस टीम के खिलाड़ी को यह गेंद लगती जाएगी, वह-वह इस खेल से बाहर होते जाएंगे। इस प्रकार जिस टीम के सभी सदस्य पहले बाहर हो जायेंगे वह टीम हार जाएगी।

मारम पिट्टी खेलने के फायदे

इस खेल को खेलने से शारीरिक व्यायाम तो होगा ही क्योंकि आपको गेंद से बचने के लिए इधर-उधर तेजी से हिलना-डुलना पड़ेगा। साथ ही आपका अपने शरीर को संभालने का भी अभ्यास होगा। जब आपकी बारी आएगी तब आपको गेंद इस तरह से मारनी होगी कि वह दूसरे टीम के किसी खिलाड़ी को लगे और वह बाहर हो जाए। इससे आपका निशाना बनाने का भी अभ्यास होगा।

मारम पिट्टी खेलते समय सावधानियां

इस खेल में घर की कोई चीज़ भी टूट सकती है, इसलिये उसका ध्यान रखें। साथ ही एक-दूसरे को मारने के लिए कोई ऐसी-वैसी चीज़ का इस्तेमाल ना करें जिससे दूसरे को चोट पहुंचे। इसे खेलने के लिए आपको बाजार से स्पंज की गेंद आसानी से मिल जाएगी।

#6. स्टापू

Stapu Game In Hindi
Stapu Game In Hindi

यह खेल आप अपने घर की छत या सड़क पर खेल सकते हैं। इसमें आपको ऊपर दिए गए चित्र के अनुसार आठ खानों के डिब्बे बनाने हैं जो एक के ऊपर एक होंगे व केवल दो जोड़े वाले डिब्बे होंगे। इसमें जोड़े वाले डिब्बे आप 4, 5 व 7, 8 को रखें अर्थात 1, 2, 3, 4 5, 6, 7 8। बाकि आप इसमें अपने अनुसार बदलाव भी कर सकते हैं।

अब सभी की एक-एक करके बारी आती हैं। इसमें आपको एक पत्थर या लकड़ी का टुकड़ा चाहिए होगा जो सपाट हो, इसे ही स्टापू कहते हैं। अब आपको इस स्टापू को पहले नंबर पर फेंकना है। फिर एक टांग पर उछलकर उस नंबर पर जाना हैं व उस स्टापू को उठाकर वापस लाना हैं। इस प्रकार आपको एक-एक करके स्टापू को आगे फेंकना हैं व एक टांग पर उसे लेकर आना हैं। आप अपने दोनों पैर केवल जोड़े पर ही रख सकते हैं।

यदि आपका स्टापू गलत नंबर पर गिरा या आपने दूसरी टांग भी जमीन पर थोड़ी सी भी छू दी तो आप बाहर हो जाएंगे। इसके साथ ही यदि आपने डिब्बे की किसी भी लाइन को हाथ या पैर से छू दिया तो भी आप बाहर हो जाएंगे।

स्टापू खेलने के फायदे

एक टांग पर उछलते हुए और खेल के सभी नियमों का पालन करते हुए, आप अपने शरीर का संतुलन बनाना सीखते है। इसके साथ ही इस खेल से आपकी टाँगे भी मजबूत बनती है।

स्टापू खेलते समय सावधानियां

स्टापू कोई गोल या नुकीला ना ले। साथ ही मिट्टी या टूटने वाले पत्थर का भी स्टापू ना ले।

#7. रस्सी खींच

Rassi Khichne Wala Game
Rassi Khichne Wala Game

इस खेल को खेलने के लिए आप एक मजबूत रस्सी ले व सभी घरवाले आधी-आधी टीम में बंट जाएँ। टीम को केवल संख्या के आधार पर ही नही अपितु शक्ति के आधार पर भी बांटे क्योंकि यह खेल हाथों की मजबूती का ही है। अब दोनों टीम उस रस्सी का एक-एक किनारा पकड़ कर खड़े हो जाएँ। अब 1 से 3 की गिनती गिने और लगा दे जोर अपनी ओर रस्सी को खींचने में।

जो टीम सामने वाली टीम से ज्यादा जोर लगाकर उस रस्सी को अपनी ओर पूरी तरह से खींच लाएगी या सामने वाली टीम गिर जाएगी तो आपकी टीम जीत जाएगी। यह पुराने जमाने के खेलों (Indian Traditional Games In Hindi) में एक ऐसा खेल है जो आज के समय में बड़े स्तर भी खेला जाने लगा है।

रस्सी खींच खेलने के फायदे

इस खेल को खेलने के लिए आपको अपने हाथों से रस्सी को मजबूती से पकड़ना होता है। साथ ही शरीर का सारा जोर देकर उस रस्सी को अपनी ओर खींचना होता हैं जिसके कारण हाथों में मजबूती आती हैं और जोड़ों में खिंचाव आता हैं।

रस्सी खींच खेलते समय सावधानियां

इस खेल को खुली जगह पर खेले क्योंकि इसमें एक टीम के द्वारा रस्सी को छोड़ देने या कम दबाव देने से आपकी टीम अपनी ओर एक झटके में गिर भी सकती हैं। यदि पीछे कोई सामान या नुकीली चीज़ हैं तो इससे आपको चोट लग सकती हैं।

#8. पिट्ठू

Pittu Khel
Pittu Khel

यह खेल भी बहुत मजेदार हैं। इसमें भी आप सभी दो टीम में बंट जाएँ। इस खेल में आपको 7-8 पत्थरों व एक गेंद की जरुरत पड़ेगी। सभी पत्थरों को एक के ऊपर एक करके सजा दीजिये जैसे कि ऊपर चित्र में दर्शाया गया है। अब पत्थरों से एक निश्चित दूरी पर एक रेखा बनाए, जहाँ से खिलाड़ी इस पर गेंद से निशाना लगाएगा।

अब पहली टीम से एक खिलाड़ी उस रेखा तक आएगा और गेंद से निशाना मारकर उन पत्थरों को गिराने का प्रयास करेगा। जैसे ही गेंद निशाने पर लगेगी और पत्थर गिर जाएंगे तब असली खेल शुरू होगा। अब पहली टीम के खिलाड़ियों को जल्द से जल्द इन पत्थरों को वैसे ही सजाना है जैसे ये पहले थे और वह भी गेंद की मार से बचते हुए। दूसरी टीम के खिलाड़ियों को उस गेंद को लेकर पहली टीम के किसी भी खिलाड़ी को मारने का प्रयास करना हैं।

यदि पहली टीम गेंद से बचकर पत्थरों को पहले जैसे सजा देती हैं तो उसको दो बारी ओर मिलेगी या यूँ कहे की दो अंक लेकिन यदि पत्थरों के सजने से पहले ही उस टीम के किसी खिलाड़ी को गेंद लग जाती है तो दूसरी टीम की बारी आएगी। इस प्रकार जिस भी टीम के 10 से ज्यादा अंक हो जाते हैं वह टीम जीत जाएगी।

पिट्ठू खेलने के फायदे

इस खेल को खेलने से आप दूसरे खिलाड़ियों से सामंजस्य बिठाना सीख पाएंगे क्योंकि गेंद आपको सही खिलाड़ी को पास करनी होगी ताकि वह जल्द से जल्द सामने वाली टीम के खिलाड़ी पर निशाना बना सके। इसके साथ ही शरीर में स्फूर्ति आएगी और निर्णय लेने की क्षमता में विकास होगा।

पिट्ठू खेलते समय सावधानियां

इस खेल में आपको पत्थर सजा रहे व्यक्ति को गेंद जोर से नही मारनी हैं। आपको बस उस पर निशाना लगाना हैं। यदि गेंद उसको छू भी जाती हैं तो भी वह आउट ही माना जायेगा।

#9. उड़न तश्तरी

Udan Tashtari Khel
Udan Tashtari Khel

यह खेल या तो आप घर की छत पर खेले या बाहर सड़क पर। आप चाहें तो इसे पार्क में भी जाकर खेल सकते हैं। इसके लिए आप बाज़ार से एक तश्तरी ले आयें। इसे दो व्यक्ति भी खेल सकते हैं व उससे ज्यादा भी। इसमें आपको एक दूसरे से दूर खड़े हो जाना हैं, फिर तश्तरी को पकड़कर जोर से दूसरे की ओर फेंकना हैं।

अब दूसरा व्यक्ति वह तश्तरी पकड़ कर उसे आपकी ओर फेंकेगा। जिस किसी की भी तश्तरी सबसे पहले 3 या 5 बार गिर जाएगी वह हार जायेगा। इस तरह से Bachpan Ke Khel में इस उड़न तश्तरी खेल को खेलने में एक अलग ही आनंद आता है।

उड़न तश्तरी खेलने के फायदे

इस खेल को खेलने से आपका हाथों का व्यायाम होगा और पैरों का भी। हाथों का व्यायाम तब होगा जब आपको तश्तरी फेंकनी होगी और पैरों का व्यायाम तब होगा जब आपको वह पकड़नी होगी।

उड़न तश्तरी खेलते समय सावधानियां

आपको तश्तरी इतनी जोर से भी नही फेंकनी हैं कि वह किसी और ही दिशा में चली जाए या किसी को लग जाए। इसमें आपको अपना व तश्तरी का एक संतुलन बनाकर खेलना चाहिए।

#10. विष अमृत

Vish Amrit
Vish Amrit

इसमें आपको कोई टीम नही बनानी हैं बल्कि एक व्यक्ति चुनना है जो सबको पकड़ेगा। अब आप सभी को उससे बचकर भागना है। जो व्यक्ति आप सभी को पकड़ रहा है वह आप में से किसी को भी छूकर विष बोलेगा। यदि वह किसी को भी छूकर विष बोल देता है तो उस पकड़े गए व्यक्ति को वही मूर्ति के समान जड़ खड़े रहना हैं व कही नही भागना है।

अब वह व्यक्ति बाकि सभी को ऐसे ही पकड़ेगा लेकिन इसमें मजा यह है कि जो विष नही है, वह उस विष बने व्यक्ति के पास जाकर उसे वापस से छूकर अमृत बोल सकता है। उसको छूकर अमृत बोलते ही वह विष बना व्यक्ति वापस भाग सकता है। इस प्रकार यह खेल तब तक चलता रहेगा जब तक वह व्यक्ति सबको विष नही कर देता।

विष अमृत खेलने के फायदे

यह संपूर्ण रूप से शरीर का व्यायाम करवाने वाला है। इसमें आपको बचने या पकड़ने के लिए लगातार भागना है, बचना है या कुछ ना कुछ करते रहना है।

विष अमृत खेलते समय सावधानियां

इसमें यह जरुरी नही कि आप पकड़ने के लिए एक ही व्यक्ति रखें। आप इसमें 2 व्यक्ति भी रख सकते है। साथ ही आप इसमें यह नियम भी जोड़ सकते है कि पकड़ने वाला व्यक्ति विष बने व्यक्ति को अपनी मर्जी से कही और जाकर खड़ा होने को कहे अर्थात वह कई विष बने व्यक्तियों को एक जगह लाकर भी खड़ा कर सकता है ताकि उसे ज्यादा मेहनत ना करनी पड़े।

तो यह थे कुछ बचपन के खेल (Bachpan Ke Khel) जिसे आप अपने घर पर या पार्क में जाकर खेल सकते हैं। इन खेलों को खेलने से आपका शारीरिक स्वास्थ्य तो बेहतर होगा ही व आपको अलग से व्यायाम करने की भी आवश्यकता नही पड़ेगी।

बचपन के खेल से संबंधित प्रश्नोत्तर

प्रश्न: पुराने समय में कौन से खेल खेले जाते थे?

उत्तर: पुराने समय में छुपन छुपाई, लंगड़ी टांग, स्टापू, पिट्ठू, कंचे, आँख मिचौली इत्यादि खेल खेले जाते थे इसमें हर खेल का अपना अलग महत्व व लाभ होते थे

प्रश्न: 10 गेम का नाम क्या है?

उत्तर: 10 गेम के नाम में हमने इस लेख में कुल 10 बचपन के खेलों के बारे में बताया है साथ ही हमने उनके नियम, लाभ व सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी है

प्रश्न: पुराने समय में बच्चे कौन से खेल खेलते थे जो आज गायब हो गया है?

उत्तर: पुराने समय में बच्चे गुल्ली डंडा, कंचे, मारधाड़, पकन पकड़ाई इत्यादि खेल खेलते थे जो आज के समय में लगभग गायब से हो गए हैं

प्रश्न: बचपन का खेल क्या है?

उत्तर: बचपन का खेल कोई एक नहीं बल्कि कई होते हैं इस लेख में हमने प्रसिद्ध खेलों को उनके नियम सहित समझाया है

नोट: यदि आप वैदिक ज्ञान 🔱, धार्मिक कथाएं 🕉️, मंदिर व ऐतिहासिक स्थल 🛕, भारतीय इतिहास, शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य 🧠, योग व प्राणायाम 🧘‍♂️, घरेलू नुस्खे 🥥, धर्म समाचार 📰, शिक्षा व सुविचार 👣, पर्व व उत्सव 🪔, राशिफल 🌌 तथा सनातन धर्म की अन्य धर्म शाखाएं ☸️ (जैन, बौद्ध व सिख) इत्यादि विषयों के बारे में प्रतिदिन कुछ ना कुछ जानना चाहते हैं तो आपको धर्मयात्रा संस्था के विभिन्न सोशल मीडिया खातों से जुड़ना चाहिए। उनके लिंक हैं:

अन्य संबंधित लेख:

लेखक के बारें में: कृष्णा

सनातन धर्म व भारतवर्ष के हर पहलू के बारे में हर माध्यम से जानकारी जुटाकर उसको संपूर्ण व सत्य रूप से आप लोगों तक पहुँचाना मेरा उद्देश्य है। यदि किसी भी विषय में मुझसे किसी भी प्रकार की कोई त्रुटी हो तो कृपया इस लेख के नीचे टिप्पणी कर मुझे अवगत करें।

2 Comments

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.