सीता माता चालीसा PDF फाइल, अर्थ, महत्व व लाभ सहित

सीता चालीसा (Sita Chalisa)

माता सीता के गुणों का वर्णन करने हेतु आज हम सीता चालीसा (Sita Chalisa) का पाठ करने जा रहे हैं। माता सीता का नाम पवित्रता का पर्यायवाची कह दिया जाए तो कोई अतिश्योक्ति नही होगी। सदियों पहले अयोध्या की प्रजा के द्वारा उनके चरित्र पर जो लांछन लगाया गया था, उसको धोने के लिए उन्होंने इतना बड़ा त्याग किया कि वे युगों-युगों तक पवित्रता शब्द की ही पर्याय बन गयी।

सीता माता चालीसा (Sita Mata Chalisa) के माध्यम से सीता माता के जीवन, गुणों, शक्तियों, कर्मों, उद्देश्य व महत्व इत्यादि का वर्णन किया गया है। ऐसे में आज हम आपके साथ सीता चालीसा इन हिंदी में भी साझा करेंगे ताकि आप उसका भावार्थ भी समझ सकें।

फिर आपको सीता चालीसा PDF (Sita Chalisa PDF) फाइल भी मिलेगी जिसे आ अपने मोबाइल में सेव करके रख सकते हैं। अंत में हम आपके साथ सीता चालीसा पढ़ने के लाभ व महत्व भी साझा करेंगे। तो आइए सबसे पहले करते हैं श्री सीता चालीसा का पाठ।

Sita Chalisa | सीता चालीसा

॥ दोहा ॥

बन्दौ चरण सरोज निज
जनक लली सुख धाम।
राम प्रिय किरपा करें
सुमिरौं आठों धाम॥

कीरति गाथा जो पढ़ें
सुधरैं सगरे काम।
मन मंदिर बासा करें
दुःख भंजन सिया राम॥

॥ चौपाई ॥

राम प्रिया रघुपति रघुराई,
बैदेही की कीरत गाई।

चरण कमल बन्दों सिर नाई,
सिय सुरसरि सब पाप नसाई।

जनक दुलारी राघव प्यारी,
भरत लखन शत्रुहन वारी।

दिव्या धरा सों उपजी सीता,
मिथिलेश्वर भयो नेह अतीता।

सिया रूप भायो मनवा अति,
रच्यो स्वयंवर जनक महीपति।

भारी शिव धनुष खींचै जोई,
सिय जयमाल साजिहैं सोई।

भूपति नरपति रावण संगा,
नाहिं करि सके शिव धनु भंगा।

जनक निराश भए लखि कारन,
जनम्यो नाहिं अवनिमोहि तारन।

यह सुन विश्वामित्र मुस्काए,
राम लखन मुनि सीस नवाए।

आज्ञा पाई उठे रघुराई,
इष्ट देव गुरु हियहिं मनाई।

जनक सुता गौरी सिर नावा,
राम रूप उनके हिय भावा।

मारत पलक राम कर धनु लै,
खंड खंड करि पटकिन भूपै।

जय जयकार हुई अति भारी,
आनन्दित भए सबैं नर नारी।

सिय चली जयमाल सम्हाले,
मुदित होय ग्रीवा में डाले।

मंगल बाज बजे चहुँ ओरा,
परे राम संग सिया के फेरा।

लौटी बारात अवधपुर आई,
तीनों मातु करैं नोराई।

कैकेई कनक भवन सिय दीन्हा,
मातु सुमित्रा गोदहि लीन्हा।

कौशल्या सूत भेंट दियो सिय,
हरख अपार हुए सीता हिय।

सब विधि बांटी बधाई,
राजतिलक कई युक्ति सुनाई।

मंद मती मंथरा अडाइन,
राम न भरत राजपद पाइन।

कैकेई कोप भवन मा गइली,
वचन पति सों अपनेई गहिली।

चौदह बरस कोप बनवासा,
भरत राजपद देहि दिलासा।

आज्ञा मानि चले रघुराई,
संग जानकी लक्षमन भाई।

सिय श्री राम पथ पथ भटकैं,
मृग मारीचि देखि मन अटकै।

राम गए माया मृग मारन,
रावण साधु बन्यो सिय कारन।

भिक्षा कै मिस लै सिय भाग्यो,
लंका जाई डरावन लाग्यो।

राम वियोग सों सिय अकुलानी,
रावण सों कही कर्कश बानी।

हनुमान प्रभु लाए अंगूठी,
सिय चूड़ामणि दिहिन अनूठी।

अष्ठसिद्धि नवनिधि वर पावा,
महावीर सिय शीश नवावा।

सेतु बाँधी प्रभु लंका जीती,
भक्त विभीषण सों करि प्रीती।

चढ़ि विमान सिय रघुपति आए,
भरत भ्रात प्रभु चरण सुहाए।

अवध नरेश पाई राघव से,
सिय महारानी देखि हिय हुलसे।

रजक बोल सुनी सिय वन भेजी,
लखनलाल प्रभु बात सहेजी।

बाल्मीक मुनि आश्रय दीन्यो,
लव-कुश जन्म वहाँ पै लीन्हो।

विविध भाँती गुण शिक्षा दीन्हीं,
दोनुह रामचरित रट लीन्ही।

लरिकल कै सुनि सुमधुर बानी,
रामसिया सुत दुई पहिचानी।

भूलमानि सिय वापस लाए,
राम जानकी सबहि सुहाए।

सती प्रमाणिकता केहि कारन,
बसुंधरा सिय के हिय धारन।

अवनि सुता अवनी मां सोई,
राम जानकी यही विधि खोई।

पतिव्रता मर्यादित माता,
सीता सती नवावों माथा।

॥ दोहा ॥

जनकसुता अवनिधिया
राम प्रिया लव-कुश मात।
चरणकमल जेहि उन बसै
सीता सुमिरै प्रात॥

Sita Mata Chalisa | सीता चालीसा इन हिंदी

॥ दोहा ॥

बन्दौ चरण सरोज निज जनक लली सुख धाम।
राम प्रिय किरपा करें सुमिरौं आठों धाम॥

कीरति गाथा जो पढ़ें सुधरैं सगरे काम।
मन मंदिर बासा करें दुःख भंजन सिया राम॥

जनक की पुत्री व सुखों को प्रदान करने वाली माता सीता!! आपके चरणों में हम सभी का प्रणाम है। आप भगवान श्रीराम को अत्यधिक प्रिय हैं और अब आप हम पर कृपा कीजिये। हम आठों धाम का सुमिरन करते हैं। जो भी सीता माता की कीर्ति व गाथा को पढ़ता है, उसके सभी काम बन जाते हैं। जो मंदिर में बैठकर सिया राम के नाम का जाप करता है, उसके सभी दुःख दूर हो जाते हैं।

॥ चौपाई ॥

राम प्रिया रघुपति रघुराई, बैदेही की कीरत गाई।

चरण कमल बन्दों सिर नाई, सिय सुरसरि सब पाप नसाई।

जनक दुलारी राघव प्यारी, भरत लखन शत्रुहन वारी।

दिव्या धरा सों उपजी सीता, मिथिलेश्वर भयो नेह अतीता।

आप ही श्रीराम को प्रिय हैं, वे आपके पति हैं और हम सभी वैदेही माता की कीर्ति का बखान करते हैं। हम सभी आपके चरणों में अपना सिर झुकाते हैं और आप देवताओं सहित हम सभी के पापों का नाश कर देती हैं। आप जनक राजा की दुलारी पुत्री व राघव की प्यारी पत्नी हैं। आपके देवर भरत, लक्ष्मणशत्रुघ्न भी आपको बहुत मानते हैं। आप धरती से प्रकट हुई थी और मिथिलेश्वर राजा जनक के घर पली बढ़ी थी।

सिया रूप भायो मनवा अति, रच्यो स्वयंवर जनक महीपति।

भारी शिव धनुष खींचै जोई, सिय जयमाल साजिहैं सोई।

भूपति नरपति रावण संगा, नाहिं करि सके शिव धनु भंगा।

जनक निराश भए लखि कारन, जनम्यो नाहिं अवनिमोहि तारन।

राजा जनक ने आपका नाम सीता रखा था। जब आप बड़ी हो गयी तब उन्होंने आपके लिए स्वयंवर का आयोजन किया। उन्होंने आपसे विवाह के लिए यह अनुबंध रखा था कि जो भी शिव धनुष को खींचकर उस पर प्रत्यंचा चढ़ा देगा, उससे आपका विवाह होगा। सीता स्वयंवर में बड़े से बड़े राजा तथा स्वयं दुष्ट रावण भी उस शिव धनुष पर प्रत्यंचा नहीं चढ़ा सके। यह देखकर राजा जनक बहुत निराश हो गए और सोचने लगे कि क्या इस धरती पर कोई भी इतना सक्षम नहीं है कि वह सीता से विवाह कर सके।

यह सुन विश्वामित्र मुस्काए, राम लखन मुनि सीस नवाए।

आज्ञा पाई उठे रघुराई, इष्ट देव गुरु हियहिं मनाई।

जनक सुता गौरी सिर नावा, राम रूप उनके हिय भावा।

मारत पलक राम कर धनु लै, खंड खंड करि पटकिन भूपै।

राजा जनक के इन भावों को सुनकर महर्षि विश्वामित्र मुस्कुरा उठे और श्रीराम व लक्ष्मण ने उनके सामने अपना सिर झुकाया। महर्षि विश्वामित्र की आज्ञा पाकर श्रीराम उठ खड़े हुए और उन्होंने अपने इष्ट देव तथा गुरु को नमस्कार किया। दूसरी ओर, माता सीता ने भी गौरी माता से वंदना की थी कि उन्हें श्रीराम ही पति रूप में प्राप्त हो। इसके पश्चात, श्रीराम ने शिव धनुष उठाकर उस पर प्रत्यंचा चढ़ानी चाही लेकिन वह टूट कर गिर गया।

जय जयकार हुई अति भारी, आनन्दित भए सबैं नर नारी।

सिय चली जयमाल सम्हाले, मुदित होय ग्रीवा में डाले।

मंगल बाज बजे चहुँ ओरा, परे राम संग सिया के फेरा।

लौटी बारात अवधपुर आई, तीनों मातु करैं नोराई।

यह दृश्य देखकर चारों ओर श्रीराम के नाम की जय-जयकार होने लगी और सभा में उपस्थित सभी नर-नारी आनंद से भर गए। अपने पिता का आदेश पाकर सीता माता जयमाला लिए श्रीराम की ओर चल पड़ी और उनके गले में माला डाल दी। चारों ओर, मंगल गान बजने लगे और श्रीराम ने माता सीता के संग सात फेरे ले लिए। फिर श्रीराम बारात को लेकर पुनः अयोध्या लौट आये और उनकी तीनो माताओं कौशल्या, कैकेयीसुमित्रा ने सीता का स्वागत किया।

कैकेई कनक भवन सिय दीन्हा, मातु सुमित्रा गोदहि लीन्हा।

कौशल्या सूत भेंट दियो सिय, हरख अपार हुए सीता हिय।

सब विधि बांटी बधाई, राजतिलक कई युक्ति सुनाई।

मंद मती मंथरा अडाइन, राम न भरत राजपद पाइन।

कैकेई ने सीता को कनक भवन दिया तो सुमित्रा ने उन्हें गोद में ले लिया। कौशल्या ने सूत भेंट दिया और यह देखकर सीता माता बहुत प्रसन्न हुई। राजा दशरथ ने अपने पुत्रों के विवाह के उपलक्ष्य में पूरे राज्य में मिठाई बंटवाई और श्रीराम का राजतिलक करने का निर्णय लिया। यह देखकर मंथरा की मती मारी गयी क्योंकि वह श्रीराम की बजाये भरत का राजतिलक करवाना चाहती थी।

कैकेई कोप भवन मा गइली, वचन पति सों अपनेई गहिली।

चौदह बरस कोप बनवासा, भरत राजपद देहि दिलासा।

आज्ञा मानि चले रघुराई, संग जानकी लक्षमन भाई।

सिय श्री राम पथ पथ भटकैं, मृग मारीचि देखि मन अटकै।

मंथरा के भड़काने से कैकई कोप भवन में चली गयी और अपने पति दशरथ को उनके दिए दो वचनों की याद दिलाई। पहले वचन के अनुसार भरत को अयोध्या का राजा बनाना था जबकि दूसरे वचन में उन्होंने श्रीराम के लिए चौदह वर्ष का वनवास माँग लिया। अपने पिता के वचनों का पालन करने हेतु श्रीराम वन को चले गए और उनके साथ सीता व लक्ष्मण भी गए। माता सीता श्रीराम के साथ वनों में भटक रही थी कि तभी उन्हें मारीच की माया वाला मृग (हिरण) दिखाई दिया जिसे देखकर उनका मन उस पर मोहित हो गया।

राम गए माया मृग मारन, रावण साधु बन्यो सिय कारन।

भिक्षा कै मिस लै सिय भाग्यो, लंका जाई डरावन लाग्यो।

राम वियोग सों सिय अकुलानी, रावण सों कही कर्कश बानी।

हनुमान प्रभु लाए अंगूठी, सिय चूड़ामणि दिहिन अनूठी।

माता सीता के द्वारा विनती किये जाने पर श्रीराम उस माया रुपी मृग को मारने गए। पीछे से रावण साधु का वेश बनाकर माता सीता की कुटिया के बाहर आ पहुंचा। उसने छल से माता सीता का अपरहण कर लिया और उन्हें लंका लेकर भाग गया। लंका ले जाकर वह माता सीता को डराने लगा। श्रीराम से दूर होकर माता सीता व्याकुल हो उठी और उन्होंने रावण को कटु वचन कह दिए। श्रीराम ने अपने दूत हनुमान को माता सीता का पता लगाने भेजा। हनुमान अपने साथ श्रीराम की अंगूठी लेकर आये और माता सीता ने उन्हें अपना चूड़ामणि दिया।

अष्ठसिद्धि नवनिधि वर पावा, महावीर सिय शीश नवावा।

सेतु बाँधी प्रभु लंका जीती, भक्त विभीषण सों करि प्रीती।

चढ़ि विमान सिय रघुपति आए, भरत भ्रात प्रभु चरण सुहाए।

अवध नरेश पाई राघव से, सिय महारानी देखि हिय हुलसे।

हनुमान को माता सीता से अष्टसिद्धि व नवनिधि का वरदान मिला। इसके बाद उन्होंने माता सीता के सामने सिर झुकाया और वहां से चले गए। श्रीराम ने माता सीता का पता लगने पर वहां तक रामसेतु का निर्माण करवा दिया और लंका को जीत लिया। रावण का वध करने के पश्चात उन्होंने लंका का राजा उसके छोटे भाई विभीषण को घोषित कर दिया। फिर श्रीराम माता सीता के साथ पुष्पक विमान में बैठकर अयोध्या लौट आये और उनके भाई भरत उनके चरणों में गिर पड़े। फिर श्रीराम अयोध्या के नरेश बन गए और माता सीता यह देखकर बहुत प्रसन्न हुई।

रजक बोल सुनी सिय वन भेजी, लखनलाल प्रभु बात सहेजी।

बाल्मीक मुनि आश्रय दीन्यो, लव-कुश जन्म वहाँ पै लीन्हो।

विविध भाँती गुण शिक्षा दीन्हीं, दोनुह रामचरित रट लीन्ही।

लरिकल कै सुनि सुमधुर बानी, रामसिया सुत दुई पहिचानी।

अयोध्या की प्रजा के द्वारा माता सीता के चरित्र पर लांछन लगाये जाने पर श्रीराम ने उन्हें वन भेज दिया। लक्ष्मण को उन्हें वन में भेजने का दायित्व मिला जिसे उन्होंने भलीभांति निभाया। महर्षि वाल्मीकि जी ने सीता माता को अपने आश्रम में स्थान दिया जहाँ पर सीता ने लव व कुश दो पुत्रों को जन्म दिया। वाल्मीकि व माता सीता ने लव-कुश को सब तरह की शिक्षा दी और उन्हें रामायण भी याद करवा दी। लव-कुश के मुख से श्रीराम के जीवन की मधुर वाणी सुनकर सभी बहुत प्रसन्न हुए और सभी को पता चल गया कि वे सियाराम के पुत्र हैं।

भूलमानि सिय वापस लाए, राम जानकी सबहि सुहाए।

सती प्रमाणिकता केहि कारन, बसुंधरा सिय के हिय धारन।

अवनि सुता अवनी मां सोई, राम जानकी यही विधि खोई।

पतिव्रता मर्यादित माता, सीता सती नवावों माथा।

इसके बाद माता सीता को श्रीराम दरबार में बुलाया गया और दोनों को देखकर सभी का मन आनंदित हो गया। फिर से सीता माता को अपने चरित्र की प्रमाणिकता देने को कहा गया और माता सीता ने इसके लिए धरती माता से आग्रह किया। सीता माता के कहने पर धरती माता ने उन्हें अपने अंदर समा लिया और श्रीराम यह देखकर अपनी मती खो बैठे। सीता माता एक पतिव्रता व मर्यादित स्त्री थी और हम सभी उनके सामने अपना सिर झुकाते हैं।

॥ दोहा ॥

जनकसुता अवनिधिया राम प्रिया लव-कुश मात।
चरणकमल जेहि उन बसै सीता सुमिरै प्रात॥

जनक की पुत्री, निधियों को प्रदान करने वाली, श्रीराम की प्रिय व लव-कुश की माता आप ही हो। जो कोई भी प्रातःकाल सीता माता का सुमिरन कर सीता चालीसा का पाठ करता है, उसे प्रभु चरणों में स्थान मिलता है।

Sita Chalisa PDF | सीता चालीसा PDF

अब हम सीता चालीसा PDF फाइल भी आपके साथ साझा कर देते हैं

यह रहा उसका लिंक: Sita Chalisa PDF

ऊपर आपको लाल रंग में Sita Chalisa PDF फाइल का लिंक दिख रहा होगा। आपको बस उस पर क्लिक करना है और उसके बाद आपके मोबाइल या लैपटॉप में पीडीएफ फाइल खुल जाएगी। फिर आपके सिस्टम में इनस्टॉल एप्लीकेशन या सॉफ्टवेयर के हिसाब से डाउनलोड करने का विकल्प भी ऊपर ही मिल जाएगा।

सीता माता चालीसा का महत्व

ऊपर के लेख में आपने सीता चालीसा सहित उसका अर्थ भी पढ़ा और सीता चालीसा के भावार्थ को जाना। तो सीता चालीसा को लिखने का आशय यही था कि इससे सीता माता के गुणों और कर्मों के बारे में संक्षिप्त परिचय दिया जा सके और हम उसके पाठ से अधिक से अधिक लाभ अर्जित कर सकें। सीता चालीसा के पाठ से व्यक्ति को सीता माता के अद्भुत गुणों के बारे में ज्ञान होता है।

माता सीता त्याग, प्रेम, दया की प्रतीक हैं और उनका पूरा जीवन इसी को ही समर्पित रहा। उनके कर्मों के कारण वे युगों-युगों तक मनुष्य जाति के लिए एक प्रेरणास्रोत बन गयी और आज भी हम सभी उन्हें आदर्श मानकर उदाहरण देते हैं। ऐसे में सीता चालीसा के माध्यम से सीता माता के जीवन के बारे में अद्भुत वर्णन किया गया है। यही सीता माता चालीसा का महत्व होता है।

सीता चालीसा पढ़ने के लाभ

अब यदि आप सीता चालीसा पढ़ने के फायदे जानने को यहाँ आये हैं तो वह भी हम आपको बता देते हैं। आपने टीवी पर रामायण अवश्य ही देखी होगी और जब आप उसे देखते होंगे तो आपका हृदय अंदर से निर्मल हो जाता होगा। वहीं जब आप उस पर माता सीता की भूमिका को देखते हैं तो आपके अंदर प्रेम सहित त्याग की भावना विकसित होती है जो आपको दूसरों का भला करने को प्रेरित करती है।

यही भावनाएं माता सीता चालीसा के पाठ से भी विकसित होती है। इससे आपका मन शांत होता है और उसमें सकारात्मक विचार आते हैं। मन में जो द्वेष, घृणा, तनाव, ईर्ष्या, लोभ, क्रोध इत्यादि की भावनाएं पनप रही थी, वह सभी समाप्त होने लगती है तथा मन प्रेम, स्नेह, दया, करुणा, त्याग, आध्यात्म की भावनाओं से भर जाता है। इससे ना केवल आप शांत मन से अपना कार्य कर पाते हैं बल्कि उसे उत्तम तरीके से भी करते हैं। यही श्री सीता चालीसा को पढ़ने के मुख्य लाभ होते हैं।

निष्कर्ष

आज के इस लेख के माध्यम से आपने सीता चालीसा हिंदी में अर्थ सहित (Sita Chalisa) पढ़ ली हैं। साथ ही आपने सीता माता चालीसा के लाभ और महत्व के बारे में भी जान लिया है। यदि आपको सीता चालीसा PDF फाइल डाउनलोड करने में किसी तरह की समस्या आती है या आप हमसे कुछ पूछना चाहते हैं तो नीचे कमेंट कर सकते हैं। हम जल्द से जल्द आपके प्रश्न का उत्तर देने का प्रयास करेंगे।

सीता चालीसा से संबंधित प्रश्नोत्तर

प्रश्न: सीता जी का असली नाम क्या है?

उत्तर: सीता जी का असली नाम सीता ही था किन्तु इन्हें जनक की पुत्री होने के कारण जानकी तथा मिथिला की राजकुमारी होने के नाते मैथिलि नामो से भी संबोधित किया जाता है।

प्रश्न: माता सीता किसकी बेटी थी?

उत्तर: माता सीता धरती माता की पुत्री थी जो मिथिला के नरेश जनक को खेत में हल जोतते समय मिली थी इसके बाद उनका लालन-पोषण जनक के भवन में ही हुआ था।

प्रश्न: सीता माता के कितने बच्चे थे?

उत्तर: सीता माता को भगवान श्रीराम से दो पुत्र रत्नों की प्राप्ति हुई थी जिनके नाम लव व कुश थे। बाद में ये दोनों ही श्रीराम के उत्तराधिकारी बने थे।

प्रश्न: रावण की बेटी का नाम क्या है?

उत्तर: इसको लेकर रामायण के भिन्न-भिन्न संस्करणों में भिन्न-भिन्न मत देखने को मिलते हैं। किसी में माता सीता को रावण की बेटी बताया गया है तो किसी में रावण की पुत्री का नाम सुवर्णमत्स्य बताया गया है।

नोट: यदि आप वैदिक ज्ञान 🔱, धार्मिक कथाएं 🕉️, मंदिर व ऐतिहासिक स्थल 🛕, भारतीय इतिहास, शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य 🧠, योग व प्राणायाम 🧘‍♂️, घरेलू नुस्खे 🥥, धर्म समाचार 📰, शिक्षा व सुविचार 👣, पर्व व उत्सव 🪔, राशिफल 🌌 तथा सनातन धर्म की अन्य धर्म शाखाएं ☸️ (जैन, बौद्ध व सिख) इत्यादि विषयों के बारे में प्रतिदिन कुछ ना कुछ जानना चाहते हैं तो आपको धर्मयात्रा संस्था के विभिन्न सोशल मीडिया खातों से जुड़ना चाहिए। उनके लिंक हैं:

अन्य संबंधित लेख:

Recommended For You

लेखक के बारें में: कृष्णा

सनातन धर्म व भारतवर्ष के हर पहलू के बारे में हर माध्यम से जानकारी जुटाकर उसको संपूर्ण व सत्य रूप से आप लोगों तक पहुँचाना मेरा उद्देश्य है। यदि किसी भी विषय में मुझसे किसी भी प्रकार की कोई त्रुटी हो तो कृपया इस लेख के नीचे टिप्पणी कर मुझे अवगत करें।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *